Thursday, May 15, 2008

जीवन का आधार मिला है| नीम मिला है, नीम मिला है, नीम मिला है|

जीवन के ३३ वर्षों में, मैंने हमेशा एक प्रश्न से अपने आपको दूर भागते पाया है वह एक ऐसा यक्ष प्रश्न है जिसका उत्तर बहुतेरों के पास शायद ही हुआ करता है

कर्मन्येवाधिका रस्ते माँ फलेषु कदाचन् , यह वाक्य अगिनत बार सुनने के बाद भी एक प्रश्न मन में आता है, "कर्म तो करेंगे ही, परन्तु कर्म क्या करना है?"

बचपन से इस प्रश्न का उत्तर कभी नही मिला

"Life has a funny way of unfolding your dreams to you, it always gives a complete picture to you & expects you to work backwards to find your part of the puzzle। Challenge here is, can you identify your part to be played"।

केवल २५ नीम के पौधे प्रति सप्ताह और हर पौधे को एक "नीम रक्षक", नीम माता अथवा नीम पिता के रूप में ढूंढ कर देना
साधारण रूप से सोचने पर यह कितना सरल एवं छोटे से सोच का कोई हिस्सा लगता है परन्तु यदि मैं थोड़े से गहरे पानी में उतरू तो समझ में आ जाएगा की ५६ सप्ताह में १४०० नीम के पौधे लगाये जा सकते हैं

इन पौधों में से यदि १००० भी पल बढ़ कर बड़े हुए तो कुछ वर्षों में ३*३ (३ वर्ग मीटर) प्रति नीम के पेड़ के हिसाब से ३००० वर्ग मीटर जमीन पर हरियाली लाई जा सकती है

मैं यदि केवल थाने शहर के बारे में सोचूं तो, अगले ५ वर्षों में १५००० वर्ग मीटर हरियाली जोड़ सकता हूँ

यदि शुरुवात की गयी तो और लोग भी इस पुण्य कार्य में जुड़ना चाहेंगे हम यदि २००० नीम मित्रों को भी यदि साथ ला पाए तो अगले ५ वर्षों में यह संख्या १५०००* २००० = ३००००००० (तीन करोड़) वर्ग मीटर तक पहुँच सकती है

प्रश्न यह उठता है की इतनी हरियाली तो किसी भी वृक्ष को लगा कर या घास उगा कर भी जोडा जा सकता है तो फिर नीम ही क्यों?

इसका उत्तर मैं अपने पहले वाले ब्लॉग में दे चुका हूँ।

प्रश्नोत्तर बहुत हो चुका अब काम करने का समय आ गया है

मुझे अब इस सप्ताह के २५ पौधों और अन्य नीम मित्रों को इस अभियान से जोड़ने के बारे में सोचना और कार्य करना है

अब मिलते रहेंगे.......

Tuesday, May 13, 2008

नीम के विविध उपयोग

१. लकड़ी रूप में
१५ -२० वर्षों के एक सुडौल नीम वृक्ष के तने की लम्बाई करीब ३ मीटर और घेरा डेढ़ मीटर तक होती है। इसे चीरने पर ऊपरी भाग भूरे रंग का सफेद और भीतरी भाग लाल भूरा दिखता है। इसके रेशे गठे हुए ,मजबूत और टिकाऊ के साथ सुगंधित होते हैं। इसमें कीड़े और फंुगी नही लगते। नीम की लकड़ी में सागौन के गुण व क्षमता होती है। दरवाजे के बाहर लगाने पर भी यह टिकाऊ होती है। हाथ या मशीन से भी इसे चीरना आसान होता है। अन्य वृक्षों की अपेक्षा इसमें वजन, आघात सहने की क्षमता, सतह का कड़ापन और काँटा पकड़ने की योग्यता अधिक होती है और इसको चीरने से ज्यादा नुकसान नहीं होता। इस पर नक्कासी बढ़िया होती है,किन्तु पालिश नहीं जमती। इस वृक्ष की लकड़ी का उपयोग भवन के सहतीर, कड़ी, दरवाजा, खिड़की, फ्रेम, खम्भा तथा फर्नीचर, कृषि उपकरण, नाव, जहाज, बैलगाड़ी, चक्के का धूरा, नौका-पतवार, तेल मिल, चुरूट के डिब्बे, मूर्तियाँ, खिलौने, ढोल का कनखा इत्यादि के निर्माण में होता है।

२. जलावन के रूप में
नीम की लकड़ी जलावन के काम में भी आती है, किन्तु यह धुँआ अधिक देती है। एक पचास वर्ष के नीम वृक्ष से करीब ५१ किलोग्राम जलावन की लकड़ी निकलती है। पश्चिमी अफ्रीकी देशों में नीम के डाल तथा चिराई के बाद निकले छाँट आदि काष्ठ कोयला बनाने के काम आते हैं, जिसकी जलावन के रूप में वहाँ काफी माँग होती है। हैती में बड़े पैमाने पर नीम वृक्ष जलावन की लकड़ी, छाया और भू-क्षरण रोकने के उद्देश्य से ही लगाये गये हैं। उत्तरी नाइजेरिया, कैमरुन तथा सूडान में नीम वृक्ष का इमारती लकड़ी तथा जलावन की लकड़ी के उद्देश्य से वानकीकरण किया गया है। नाइजेरिया के सोकोरो प्रान्त में १९३० में नीम वृक्ष लगाये गये थे। वहाँ जलावन तथा इमारती लकड़ी के अभाव की पूर्ति में यह वृक्ष 'इस सदी का सबसे बड़ा वरदान (Greatest Boon of the Century) साबित हुआ है। भारत के गाँवों में भी जलावन की लकड़ी की समस्या दिनों-दिन बढ़ती जा रही है। शहरों में गैस, किरोसिन, कोयला, बिजली, सौर-उर्जा आदि के उपयोग के बावजूद हर साल करीब २ करोड़ टन लकड़ी की माँग बनी रहती है। नीम वृक्ष इस अभाव की पूर्ति में सहायक सिद्ध हो सकता है।

३. दातवन के रूप में
बनस्पति जगत् में उपलब्ध वृक्षों में दातवन के रूप में नीम की टहनी का ही सर्वाधिक उपयोग होता है, क्योंकि उसमें कीटनाशक गुण अधिक है और वह दाँत एवं मुख में होने वाले रोगों को नष्ट करने में सर्वाधिक सक्षम है। नीम टहनी का ब्रश और चीरा भी बढ़िया बनता है। उसके उपयोग से मसूड़े मजबूत होते हैं, दाँत चमकीले बने रहते हैं। बचपन से ही नीम दातवन का नियमित सेवन करते रहने वाले लोगों के दाँत अस्सी वर्ष की उम्र में भी मजबूत पाये जाते हैं। भारत के ग्राम्यांचलों में आज भी एक बहुत बड़ी आबादी नीम दातवन का ही प्रयोग करती है। बहुत से लोगों ने इसी प्रयोजन से अपने दरवाजे पर नीम वृक्ष लगा रखा है। हालाँकि गाँवों में भी कृत्रिम टूथपेस्ट एवं ब्रश का प्रचलन काफी बढ़ गया है और मंजन के नाम पर तमाम तरह के नशीले पदार्थ गुल आदि चल पड़े हैं, जबकि इनकी अपेक्षा नीम दातवन सस्ता और स्वास्थ्य के लिए सर्वोत्तम प्राकृतिक मंजन व ब्रश है। इधर शहरों में तथा रेलवे स्टेशनों पर नीम दातवन की बहुतायत उपलब्धता को देखकर ऐसा लगता है कि प्रबुद्ध लोगों का कृत्रिम संसाधनों के बजाय नीम जैसे प्राकृतिक व गुणकारी दंत ब्रश की ओर तेजी से झुकाव बढ़ा है। बाजार में कोई भी टूथपेस्ट १०/- रुपये से कम का नहीं और एक अच्छा टूथब्रश भी २० रुपये से कम में नहीं मिलता। एक व्यक्ति के उपयोग करने पर एक टूथपेस्ट करीब एक महीना और एक ब्रश लगभग तीन महीना चलता है। इस तरह सिर्फ दंत-धवन के लिए ही एक व्यक्ति को महीने प्राय: में १६-१७ रुपये व्यय करने पड़ते हैं, जबकि नीम दातवन पर लगभग ७-८ रुपये खर्च आता है। अन्तर यह भी है कि एक कृत्रिम ब्रश का उपयोग बार-बार किया जाता है, जिससे उसमें शुद्धता नहीं रह जाती, जबकि नीम दातवन का दुबारा उपयोग नहीं किया जाता, दाँत-जीभ साफ कीजिए और फेंकिये, उसे दुबारा उपयोग के लिए धोने व रखने की झंझट नहीं।सिंथेटिक पेस्ट के रसायन तथा ब्रश का प्रयोग दाँत व मसूड़े के लिए हानिकारक भी पाये जाते हैं। नीम दातवन करने से चित्त प्रसन्न रहता है, क्षुधा तीव्र होती है और मुख से दुर्गन्ध नहीं आती। नीम टहनी दातवन के रूप में एशिया तथा अफ्रीका के देशों में उपयोग किया जाता है। इधर नीम रस से टूथपेस्ट भी बनाये जाने लगे हैं।

४. मधुमक्खी पालन में
४.१ नीम के फूलों से पराग चुनकर मधुमक्खियाँ मधु तैयार करती हैं। कुछ तिक्तता के बावजूद यह मधु स्वास्थ्य के लिए एक सर्वोत्तम टॉनिक है। गर्मी के दिनों में जब आहार की कमी हो जाती है, उस समय नीम के फूल ही मधुमक्खियों को बचाये रखने में सहायक होते हैं। बाजार में नीम मधु एक दुर्लभ चीज है, ऊँची कीमत देने पर भी यह जल्दी नहीं मिलती। नीम वृक्ष की अधिकता वाले क्षेत्र में ही नीम मधु तैयार होते हैं।
४.२ नीम का फूल हल्का हरापन लिए श्वेत और चमेली की तरह भीना सुगंध वाला गुच्छेदार होता है। इसमें द्राक्षा (Glucocide), निम्बोस्ट्रीन तथा तीक्ष्ण गंध वाले तेल एवं वसा अम्ल पाये जाते हैं। इसका अर्क उत्तेजक, पुष्टिकारक तथा क्षुधावर्धक होता है। चर्मरोग से बचने के लिए वसंत ऋतु में इसे चबाया जाता है।

५. रंजक-निर्माण में
५.१ पुराने वृक्ष के तने व डालों से स्वच्छ आकाशीय रंग का गाढ़ा लासा निकलता है, उसे 'ईस्ट इण्डिया गम' कहा जाता है। उसका उपयोग सिल्क के धागों को रंगने के काम में होता है। इससे रंजक तैयार किया जाता है। यह भी एक क्षुधावर्धक पदार्थ है। यह गोंद वृक्ष का 'आँसू' कहलाता है। गोंद में शर्करीय खमीर होता है, जो स्वास्थ्यवर्धक होता है। यह ठंढ़े जल में घुल जाता है।
५.२ नीम छाल में लाल रंग का एक रंजक पदार्थ पाया जाता है, जो सिल्क धागों को रंगने के काम में आता है। इसमें १२ से १४ प्रतिशत तक टैनिंग द्रव्य पाये जाते हैं जो चर्मशोधन के काम में आते हैं। टूथपेस्ट के निर्माण में भी छाल के रस का प्रयोग होता है। इसके तन्तुओं से रस्सा भी बनाया जाता है, किन्तु वह आर्थिक दृष्टि से उपयोगी नहीं होता।

६. पशुचारा व खली के रूप में
६.१ चारे के अभाव में बकरी, ऊँट और साँढ़ नीम के पत्ते भी चबाकर संतुष्ट हो जाते हैं। आंध्रप्रदेश के किसान गाय, भैंस तथा बकरी को प्रसव के शीघ्र बाद से लगातार कुछ दिनों तक नीम पत्ती खिलाते हैं, ताकि दूध स्वच्छ और पूरी तरह उतरे। नीम पत्ती में १२ से १८ प्रतिशत तक क्रूड प्रोटीन, ११ से ३० प्रतिशत तक क्रूड फाइब्रे, ४५ से ६७ प्रतिशत तक नाइट्रोजन, ७ से १८ प्रतिशत तक राख, १ से ४ प्रतिशत तक कैल्सियम, ०.१ से ०.३ प्रतिशत तक फास्फोरस तथा २ से ६ प्रतिशत तक अन्य पदार्थ पाये जाते हैं।
६.२ नीम बीज (बीना छिलका उतारे) पेरने पर खली में १२-१९ प्रतिशत प्रोट्रीन होता है। नीम गिरी (छिलका उतारकर) पेरने पर खली में ३५ प्रतिशत प्रोटीन होता है। पहली स्थिति में १२ से १६ प्रतिशत तेल मिलता है। दूसरी स्थिति में ३० से ४५ प्रतिशत तेल मिलता है। दूसरी स्थिति में खली पशु चारे के लिए विशेष उपयोगी है। चारे में मिलाकर इसे खिलाया जाता है। शुरू में पशु उसे थोड़ा कम पसंद करते हैं, किन्तु आदत हो जाने पर चाव से खाते हैं। इससे पशुओं का स्वास्थ्य एवं वजन बढ़ता है। इसे मुर्गी, भेड़, सुअर, व्यायी हुई गाय तथा डेयरी के गोयों, भैंसों खिलाया जा सकता है। व्यायी हुई, अर्थात दूध देने वाली गाय, भैंस को देने से पहले ढाई लीटर पानी में ८ ग्राम कास्टिक सोडा के साथ नीम खली को उबालकर देने पर उसमें तिक्तता खत्म हो जाती है।


७. सौन्दर्य प्रसाधनो में
७.१ नीम पत्ती का उपयोग विभिन्न सौन्दर्य प्रसाधनों के निर्माण में भी किया जाता है। इसका निषेचन जर्मनी में हेयर लोशन बनाने के काम में भी आता है। इसके पानी का उपयोग सब्जियों तथा तम्बाकू के फसलों पर कीटनाशक रूप में और उपज वृद्धि के लिए किया जाता है। नीम का पाउडर भी भारत में सौन्दर्य प्रसाधन के निर्माण में काम आता है।
७.२ नीम बीज की खली पशुओं को खिलायी जाती है। इसकी तिक्तता कम करने के लिए इसे पानी में भिगोकर पानी को निथार लिया जाता है। नीम खली मुर्गीपालन के लिए भी उपयोगी है। यह क्षुधावर्धक तथा Vermicidal होता है।


८. औद्योगिक प्रयोजन में
नीम तेल रंग में पीला, स्वाद में कड़वा तथा लहसुन की गंध लिये होता है। अभी देश में जितना नीम तेल उत्पादित होता है, उसका करीब ८० प्रतिशत भाग सिर्फ साबुन बनाने के काम में आता है। इसके अतिरिक्त नीम तेल से शैम्पू, टूथपेस्ट, क्रीम, लोशन, केश तेल, नेल पालिश, राकेट ईधन आदि के निर्माण तथा वस्त्र एवं रबर उद्योग में किया जाता है। इससे म्यांमार (वर्मा) में मोमबत्ती बनायी जाती है। काठ गाड़ी का धूरा भी इससे चिकना किया जाता है। सिल्क एवं सूती वस्त्रों को गाढ़ा, पीला रंगने में भी यह तेल उपयोग में आता है। देश में प्रचलित मार्गो साबुन नीम तेल से ही बनता है। नीम को अंग्रेजी में मार्गोसा कहा जाता है।


९. अल्कोहल एवं मिथेन निर्माण में
नीम फल के गुदे में कार्बोहाइड्रेट पाया जाता है। इसका इस्तेमाल अल्कोहल (शराब) एवं मिथेन गैस के निर्माण में होता है। बीज का छिलका जलावन के काम आता है।


१०. छाया-विश्राम एवं सजावट के रूप में
नीम वृक्ष की छाया शीतल और उसकी हवा शुद्ध होती हैं। प्राय: सभी तरह के पशु-पक्षी इसकी छाया को बहुत पसंद करते हैं। तमाम उष्णकटिबन्धीय देशों में इसका रोपण छाया के लिए भी किया गया है, जिससे वहाँ के लोगों को जीने की ताकत मिली है। घरों के आस-पास, सड़कों के किनारे कतार में तथा पार्कों में लगाने पर यह अपनी सुनहरी हरीतिमा के कारण मनोरम दृश्य उपस्थित करता है। उत्तरी मलेशिया तथा पेनांग आदि द्वीपों में इसका रोपण इसी उद्देश्य से किया गया है। अफ्रीका तथा लैटिन अमेरिका के कई शहरों को सुन्दर बनाने के लिए भी नीम वृक्ष लगाये गये हैं। दिल्ली सरकार ने एक बार पूरी दिल्ली में नीम वृक्ष लगाने का निर्णय लिया था, ताकि सजावट के अतिरिक्त प्रदूषण-नियंत्रण एवं ताप-नियंत्रण में भी इसका उपयोग हो। सऊदी अरब में मक्का के पास दस वर्ग किलोमीटर में ५० हजार से अधिक नीम वृक्ष लगाये गये हैं, जिसका मूल मकसद यात्रियों को छाया प्रदान करना है। हालांकि उससे ताप-प्रदूषण रोकने में भी काफी सहायता मिली है। अफ्रीका के शुष्क क्षेत्रों में यह वृक्ष सबसे पहले सड़कों के किनारे सजावटी छायादार वृक्ष के रूप में ही लगाया गया था।


११. प्रदूषण-नियंत्रण एवं पर्यावरण संरक्षण में
११.१ वायुमण्डल में कार्बनडायआक्साइड (Co2),सल्फर डायआक्साइड (So2) तथा अन्य गैसों की मात्रा-वृद्धि के साथ वायु-प्रदूषण एवं ताप-प्रदूषण के खतरे उत्पन्न होते है। नीम वृक्ष इन घातक गैसों को सहन एवं हजम करने में बहुत तेज पाया गया है। इसके सघन पत्तों से आक्सीजन भी काफी मात्रा में उत्सर्जित होता है। शहरों में सघन आबादी, वाहनों की भीड़ तथा उद्योग-धंधों की जमघट से वायु प्रदूषण के गंभीर संकट उपस्थित हैं। ऐसे जगहों पर अन्य तरह के वृक्ष इन प्रदूषणों को उतना बर्दास्त नहीं कर पाते, जितना नीम वृक्ष। शहरों के तमाम सजावटी वृक्ष प्रदूषणों की मार से नष्ट हो जाते हैं। नीम यहाँ पर एक कारगर विकल्प है। इसकी प्रतिरोधी एवं अवशोषण क्षमता के कारण ही इसे वायु शुद्धिकारक (Air Purifier) कहा गया है। नीम की सघन वानिकी होने पर यह १० डिर्ग्री सेंटीग्रेड तापमान को कम कर सकता है और वार्षिक वर्षा १० से २० प्रतिशत तक बढ़ सकती है।
११.२ नीम वृक्ष ध्वनि-प्रदूषण भी रोकने में काफी सहायक है। इसकी व्यापक वानिकी से ध्वनि-प्रदूषण से होने वाले विभिन्न रोगों, जैसे- मानसिक तनाव, अनिद्रा, बेचैनी, सिरदर्द, थकान, कार्य-क्षमता के ह्लास, बहरापन, कान के आन्तरिक भागों की क्षति, हृदय की धड़कन का बढ़ना, रक्तवाहिनियों का सिकुड़ना, रक्त-संचार में कमी, उच्च रक्तचाप, चिड़चिड़ापन, गैस्ट्रिक अल्सर, मस्तिष्क एवं नर्वस कोशिकाओं पर घातक प्रभाव, स्फूर्ति का घटना, प्रसव-पीड़ा का बढ़ना, गर्भस्थ शिशु पर बुरा प्रभाव आदि से काफी हद तक बचाव किया जा सकता है। वायु प्रदूषण से होने वाले रोग, जैसे-सिरदर्द, चक्कर, पेट में मरोड़, कब्ज, भूख न लगना, मस्तिष्क ज्वर, बच्चों में गुर्दे की बीमारी, मन्द बुद्धिता, स्नायु दुर्बलता, दृष्टिहीनता, आँख -गले में जलन, खाँसी, यकृत विकृति, प्रजन रोग आदि में भी नीम वृक्ष की वानिकी काफी गुणकारी है। प्रदूषित जल में अनेक प्रकार के सूक्ष्म जीव, विषाणु, जीवाणु, कवक, प्रोटोजोआ, कृमि आदि पाये जाते हैं, जो तमाम प्रकार के रोगों के जनक हैं। नीम वृक्ष जल-प्रदूषण रोकने में भी अत्यन्त सहायक है।


१२. फल-संरक्षण में
फलों की सुरक्षा के लिए बक्सों में नीम की पत्तियाँ रखी जाती हैं। इससे फल अधिक समय तक ताजा और निरोग बना रहता है।




१३. रोजगार वृद्धि में
नीम के व्यापक प्रचार के साथ शहरों में नीम के दातवन की माँग भी क्रमश: बढ़ती जा रही है। इसके रोजगार से गरीब व्यक्ति अच्छी आय कर सकता है। नीम बीजों का संग्रह, प्रशोधन तथा नीम पेराई और उत्पादों के व्यवसाय में भी तमाम लोगों को रोजगार मिला है। नीम पर आधारित अनेक प्रकार के लघु-कुटीर उद्योग स्थापित किये जा सकते हैं। इन उद्योगों में मशीन-निर्माण उद्योग भी हो सकते हैं, जैसे छिलका उतारने वाली मशीन (Decorticator), बीज/गिरी पेराई मशीन (Seed/Kurnel Crusher), चूर्ण बनाने वाली मशीन (Pulverizer) इत्यादी।

सामाजिक एवं सांस्कृतिक जीवन में नीम

भारतीय, मुख्यत: हिन्दू समाज में नीम वृक्ष सदियों से पूज्य रहा है। इसके गुणों, उपयोगिताओं तथा महत्ता को देखते हुए उससे सम्बन्धित अनेक प्रथाएँ और कथाएँ प्रचलित हुइंर्। उनमें अधिकांश का सम्बन्ध किसी न किसी रूप में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा से रहा है। मुस्लिम हकीमों ने नीम को 'यवनप्रिया' (मुस्लिमों के लिए प्रिय) बताया है। आज से चार सौ वर्ष पहले अली गिलानी नाम के एक वैद्य/रचनाकार ने इसे 'शजर-ए-मुबारक' (दैवी वृक्ष) कहा। कहीं भी उग जाने की इसकी स्वतंत्र व सर्वव्यापी प्रकृति को देखकर मुस्लिम बादशाहों ने इसे 'आजाद-दरख्त-ए-हिन्द' नाम से सम्बोधित किया। पश्चिमी देशों के वैज्ञानिक आज इसे एक 'आश्चर्यजनक वृक्ष' के रूप में देख रहे हैं।
भारत के विभिन्न ग्रामीण हिस्सों में नीम को शीतला माता के रूप में पूजा जाता है। नीम उष्ण जलवायु प्रिय है, किन्तु इसकी प्रकृति शीतल है। चेचक निकलने पर शरीर में काफी दाहकता/जलन उत्पन्न होती है। यह दाहकता नीम के प्रयोग से शान्त होती है। नीम में दाहकता-रोधी (Anti-inflammatory) गुण प्रचुर परिमाण में पाया जाता है। नीम के इस शीतल गुण के कारण ही उसे शीतला माता के रूप में पूजा गया, ऐसा जान पड़ता है। कथानकों में शीतला को वसन्ता भी कहा जाता है; नीम की कोमल पत्तियाँ वसन्त में ही निकलती हैं। इनका प्रतीक चिन्ह उड़द है, जो गठिया, स्नायविक व्यग्रता, कुल्हा-दर्द आदि में दिया जाता है। इसकी जड़ संवेदन मन्दक है, जिसे हड्डियों के दर्द में दिया जाता है।
दक्षिण भारत के कुछ ग्रामीण क्षेत्रों में नीम और पीपल की साथ-साथ पूजा की जाती है। माना जाता है कि नीम स्त्री रूप और पीपल पुरूष रूप है। शिव मन्दिरों में धूम-धाम से इनकी शादी भी की जाती है। वैदिक साहित्य में पीपल को अग्नि रूप माना गया है। अग्नि रूप सूर्य का है। अत: सूर्य का प्रतिनिधि पीपल है। नीम का तासीर उष्ण है, किन्तु प्रभाव शीतल है। स्त्रियाँ भी एक ओर उष्ण, दूसरी ओर मधुर होती हैं। इसलिए पीपल एवं नीम का पुरूष एवं स्त्री रूप इंगित है। लेकिन दोनों का अस्तित्वगत लक्ष्य एक ही है। सूर्य भी संक्रामक रोग-नाशक है और नीम भी सभी प्रकार के रोगकारक कीटों का नाशक है। पीपल भी भारी मात्रा में प्राण वायु आक्सीजन को संचरित करता है और नीम भी तीव्र आक्सीकारक है। इसलिए समान गुणधर्मी होने के कारण ये दोनों वृक्ष साथ-साथ पूजे जाते हैं।

उत्तर भारत में ज्येष्ठ मास में औरतें अपने पति की दीर्घायु कामना के साथ पीपल एवं नीम की साथ-साथ पूजा करती हैं। इसका अभिप्राय यही है कि उसका पति रोग-शोक मुक्त, स्वस्थ और दीर्घजीवी रहे। लोक-मान्यता में पीपल शिव का और नीम शीतला का प्रतीक है। शिव शान्त प्रकृति के हैं, गरल तक पी जाने वाले। वे स्वयं विष पीकर दूसरे को अमृत प्रदान करते हैं; नीम भी कार्बनडाईआक्साइड और सल्फरडाईआक्साइड का तीव्र शोषक है और अमृत समान पवित्रता एवं शीतलता का स्रावक है। कथाओं में शीतला को शिव की सहायिका बताया गया है। इस तरह शिव रूप पीपल की शीतला रूप नीम सहायिका है, दोनों अर्द्धांग है और परस्पर पूर्णता को प्राप्त कर मानव जीवन का कल्याण करते हैं।


भारत में कहीं-कहीं पीपल की जगह बट को नीम के पति के रूप में अंगीकार कर पूजने की प्रथा है। 'जनसत्ता' (१.२.९८) में प्रकाशित एक समाचार के अनुसार ३० जनवरी १९९८ को केरल में कोच्चि से करीब ३० किलोमीटर दूर युवात्तुपुझा के पास त्रिकालतुर स्थित श्री रामास्वामी मंदिर में बट वृक्ष को वर और नीम वृक्ष को बधू के रूप में मानकर पूरे वैदिक विधि-विधान से उनका विवाह किया गया। ३० अप्रैल १९९० को एक १२०० वर्ष पुराने बट वृक्ष की जगह एक नया बट वृक्ष लगाया गया था। पुराना वृक्ष २७ जून १९९८ को उखड़ गया तो उसका सोलहों शृंगार कर मंदिर परिसर में ही पूरे विधान के साथ उसकी अन्त्येष्ठि की गई और ३० अप्रैल १९९८ को साढ़े सात वर्ष पूर्व लगाये गये उपरोक्त बट वृक्ष एवं चार वर्ष पूर्व लगाये गये नीम वृक्ष को परिणय-सूत्र में आबद्ध किया गया। उस समय ५ बाघों की बारात भी निकाली गयी थी।


दक्षिण भारत में नीम की देवी 'अरूलमिगू मरियम्मा' की पूजा की जाती है। इस देवी को रोग-मुक्त करने वाली माना जाता है। इनके नाम पर एक मन्दिर भी निर्मित है, जो तमिलनाडु में तिरुचिरापल्ली से १५ किलोमीटर दूर समयपुरम में स्थित है। अप्रैल में जब नीम वृक्ष में नवीन कोपलों के साथ सुगन्धित फूल निकल आते हैं, तब इस मन्दिर में १३ दिन तक एक 'चित्रकार' नाम का महोत्सव आयोजित होता है। इस अवसर पर हजारों भक्त मन्दिर की ओर जाते हैं और देवी से प्रार्थना करते हैं कि उसे वह रोग-मुक्त कर दे या वर्ष भर निरोग रखे। पिछले वर्ष प्रार्थना के बाद यदि वह रोगमुक्त हो गया रहता है, तो मरियम्मा को धन्यवाद देना नहीं भूलता। भक्तगण अपने साथ नीम की पत्ती और फूल लेकर आते हैं। कई भक्त मुण्डन कराकर उस पर पिसी हुई नीम पत्ती लेप करके आते हैं। कई भक्त तो नुकीले लोहे से अपना अंग भी छेद कर आते हैं और प्रार्थना के बाद उस लोहे को निकाल कर घाव पर पिसा हुआ नीम लेप करते हैं। सम्भवत: यह प्रदर्शन नीम के प्रभावों को बताने के लिए किया जाता है, हालाँकि इसमें कुछ अतिवादिता भी हैं। डेकन (दक्षिणी) क्षेत्रों में नीम की देवी को 'वेपा मरम' कहा जाता है। 'वेपा' नीम का ही पर्यायवाची नाम है और मरम से ही 'मरियम' बना है, जिसका अर्थ देवी है।
छोटानागपुर के कुछ आदिवासी चुड़ैल का स्थान नीम वृक्ष मानते हैं। कुछ आदिवासी समुदायों में किसी को सर्प के डंसने पर रोगी को नीम की पत्तियों से पूरी तरह ढँक कर हनुमान मन्दिर में लाने और मंत्र पढ़े जाने की प्रथा है।


उड़ीसा में पुरी के जगन्नाथ मन्दिर में जगन्नाथ जी तथा अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियाँ सिर्फ नीम के तने की बनायी जाती हैं। इन मूर्तियों के लिए नीम वृक्ष का चयन भी बड़े विधि-विधान से किया जाता है। उड़ीसा में नीम वृक्ष को 'दारू' कहा जाता है, सम्भवत: यह आयुर्वेद के 'द्राक्षा' (नीम रस) का ही तद्भव रूप है। मूर्तियों के लिए नीम वृक्ष के चयन के पीछे मूल कारण यही है कि उसकी लकड़ी मजबूत होती है, उसमें दीमक नहीं लगते और वह शुद्ध एवं पवित्र होती है। देवी-देवताओं की पूजा के समय पूजाघर के चारों ओर नीम पत्तों का वन्दनवार लगाया जाता है। मूर्ति को नीम पत्तों की माला पहनायी जाती है।
सऊदी अरब स्थित मुस्लिम समुदाय के पवित्र स्थल मक्का में, जहाँ लाखों यात्री प्रतिवर्ष हज के लिए जाते हैं, अभी हाल के दशक में ही पचास हजार नीम वृक्ष करीब दस वर्ग किलोमीटर में लगाये गये हैं। धार्मिक मकसद पवित्रता ही है, किन्तु भौतिक अर्थ गर्मी के दिनों में उस खुले रेगिस्तानी क्षेत्र में यात्रियों को गर्मी, लू एवं धूल-धक्कड़ से बचाना है। नीम पर्यावरण रक्षा की दृष्टि से सर्वोत्तम वृक्ष माना गया है। भारत के ग्रामीण क्षेत्रों में गर्मी के दिनों में लोग ज्यादातर नीम वृक्ष की छाया ही पसन्द करते हैं। अरब में गर्मी के दिनों में ५० डिग्री सेंटीग्रेड तक तापमान पहुँच जाता है। नीम में ५५ डिग्री से भी अधिक तापमान झेलने की क्षमता है।


कई हिन्दू व गैर-हिन्दू परिवारों में प्रसूता स्त्री के घर के दरवाजे पर नीम के पत्ते और गो-मूत्र रखे जाने की प्रथा है, ताकि दुष्ट आत्माएँ घर में प्रवेश न करें। दुष्ट आत्माओं से तात्पर्य संक्रामक वायरस ही हैं, जो नीम तथा गो-मूत्र से विकर्षित होते हैं। चेचक होने पर रोगी को नीम पत्ती पर सुलाया जाता है और घर के दरवाजे पर नीम का वन्दनवार लटकाया जाता है। इसका अर्थ रोगी को संक्रामक कीटाणुओं से सुरक्षित करना ही है। रोगी को नीम पत्तों के चंवर से हवा दी जाती है। कई जगह नई दुल्हन को नीम के जल से स्नान कराकर घर में प्रवेश दिया जाता है।


वाराह पुराण (१७२.३९) में कहा गया है- जो कोई एक पीपल, एक नीम, एक बड़, दस फूलों के पौधे या लताएँ, दो अनार, दो नारंगी और पाँच आम के वृक्ष लगाता है, वह नरक में नहीं जाता -

अश्वस्थमेकं पिचुमिन्दमेकं न्याग्रोधमेकं दशपुष्पजाती:।
द्वे द्वे तथा दाडिममातुलंगे पंचाम्ररोपी नरकं न याति।।

यहाँ वृक्षों के साथ मनुष्य के धर्म-अधर्म की मान्यताएँ भी जुड़ी रही हैं। एक परम्परावादी हिन्दू परिवार के आँगन में तुलसी का पौधा रहता है और बाहर दरवाजे पर नीम का। वाराहमिहिर ने अपनी वृहत्संहिता (अध्याय-५४) में दकार्गल विज्ञान (हाईड्रोलॉजी) के अन्तर्गत ऐसे कई वृक्षों के नाम दिये हैं, जिनके द्वारा भूमि जल का ज्ञान होता है। उसमें नीम के अतिरिक्त अर्जुन, पलाश, बेल, श्योनाक, सप्तपर्ण, कदम्ब, नारियल, पिण्डार, शिरीष, अशोक, कण्टकारी, शमी, पीपल आदि लगभग २०० वृक्षों का उल्लेख है। वाराहमिहिर ने घर के समीप अशोक, पुन्नाग, शिरीष एवं प्रियंगु के साथ नीम वृक्ष लगाने की भी अभिशंसा की है। पद्म पुराण (सृष्टि खण्ड-२८/२३-३१) में कहा गया है कि- निम्ब प्ररोहण से सूर्य प्रसन्न होता है। आयुर्वेद में नीम को सर्वोत्तम वायु प्रदूषण नाशक और सर्वरोगों को हरने वाला बताया गया है। नीम पर सूर्य का निवास होने के एक कथानक के साथ निम्बार्क सम्प्रदाय ही चल पड़ा। 'निम्बार्क' का अर्थ है निम्ब (नीम) वृक्ष पर सूर्य - 'निम्बे अर्क: निम्बार्क:'। आयुर्वेद में नीम को सभी रोगों को हरने वाला- 'सर्वरोगहरो निम्ब:' कहा गया है।


नीम को साधुता और दयालुता का भी प्रतीक माना जाता है। बुद्ध की जातक कथाओं में इस आशय की एक कथा मिलती है। उन दिनों चोरों को नीम के डाल के खूंटे से त्रास दिया जाता था और नीम के वृक्ष पर लटकाया जाता था। एक दिन एक चोर एकान्त में खड़े एक नीम पेड़ के नीचे आकर सो गया। पास ही में एक पीपल भी था। नीम देवता ने पीपल देवता से कहा- मैं इस चोर को यहाँ से भगाऊँगा, नहीं तो इसके पकड़े जाने पर मेरा बहुत अनिष्ट होगा। पीपल ने पूछा- तुम्हारा क्या अनिष्ट होगा ? नीम ने कहा- तू मेरे और चोर के भेद को नहीं जानता। राजपुरूष गाँव में डाका डालने वाले चोर को नीम वृक्ष पर ही त्रास देंगे। मेरे मन में यही आशंका थी। इस कथानक का तात्पर्य यही है कि जिस तरह एक साधु पुरूष अपने साथ-साथ शरणागत की भी रक्षा करता है, उसी तरह एक नीम भी अपनी रक्षा के साथ-साथ दूसरों की भी रक्षा करता है। एक अन्य जातक कथा में एक क्रोधी राजकुमार को उपदेश करते हुए बोधिसत्त्व ने कहा है- जिस तरह नीम की तिक्तता के कारण आपने उसे पसन्द नहीं किया, उसी तरह आपके क्रोधी व्यवहार को जनता भी पसन्द नहीं करेगी। अत: इस स्वभाव को आप त्याग दें। उत्तरी भारत के गाँवों में क्रोधी व्यवहार वालों के लिए ही कहा गया है- 'एक तो करेला तीता, दूजे चढ़े नीम'।

एक लोक प्रचलित कथा है कि एक वैद्य ने दूसरे वैद्य के ज्ञान का थाह लेने के लिए, जो सौ कोस दूर था, एक स्वस्थ युवक को माध्यम बनाया। उसे कहा गया कि उक्त वैद्य को दुआ-सलाम कह आवे, किन्तु रास्ते में वह इमली के पेड़ के नीचे ही सोया करे। युवक ने वैसा ही किया। किन्तु गन्तव्य तक पहुँचते-पहुँचते उसके शरीर में तमाम फोड़े-फुन्सी निकल आये। दूसरे वैद्य ने उस युवक को वापस करते हुए कहा- मेरा भी दुआ-सलाम बोल देना, किन्तु रास्ते में सिर्फ नीम वृक्ष के नीचे ही सोना। युवक ने वैसा ही किया। गन्तव्य तक वापस आते-आते उसके सभी रोग दूर हो गये थे। पहला वैद्य समझ गया कि दूसरा भी उससे कम नहीं। इस कथानक में भी नीम की महत्ता बतायी गयी है।

उत्तर प्रदेश में नीम से सम्बन्धित कई लोक-गीत प्रचलित हैं, जैसे-

कवनी उमरिया साधु निबिया लगावेन, कवनी उमरिया विदेसवा गये हो राम।
खेलत कूदत बहुअरि निबिया लगाये, रेखिया भिनत गै विदेसवा हो राम ।
फरिगै निबिया लहसि गये डरिया, तबहू न आये मोर विदेसिया हो राम।।
एक युवती का पति घर पर नीम का पेड़ लगाकर परदेश चला गया। ज्यों-ज्यों वृक्ष बढ़ता है, त्यों-त्यों युवती की विरह-वेदना भी बढ़ती जाती है। एक गुजराती लोकगीत की पंक्ति है- 'कड़वा लीमडानी एक डाल मीठी रे, म्हारो घणी रंगीलो'- अर्थात, जिसका पति परदेश से लौट आया हो, उसके लिए कड़वी नीम की डाल भी मीठी हो जाती है। देहातों में शुभकामना व्यक्त करते हुए कहा जाता है- 'उसी प्रकार बढ़ो, जैसे नीम बढ़ता है'। देहातों में एक और महत्त्वपूर्ण कहावत प्रचलित है कि भाई चाहे कितना भी कठोर क्यों न हो, फिर भी बहन की रक्षा अवश्य करेगा और नीम चाहे कितनी भी कड़वी हो, फिर भी उसकी छाँह शीतल ही होगी- भईया अति कड़ुवाहट, तबो दहिन बाँह हो। निबिया अति कड़ुवाहट, तबो शीतल छाँह हो।
अवधी में औरतों का एक हिडोला गीत है-

बाबा निमिया के पेड़ जिनि काटहु, निमिया चिरैया बसेर।
बाबा बिटियउ क जिनि केउ दुख देउ, बिटिया चिरैया की नाई।।
बाबा सब रे चिरैया उड़ि जइहें, रहि जइहे निमिया अकेलि।
बाबा सब रे बिटिउआ जइहें सासुर, रहि जइहें माई अकेलि।।

इस गीत को महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जी बार-बार सुनते और हर बार आँसू बहाते थे। यहाँ नीम को माँ के रूप में और लड़कियों को चिड़ियों के रूप में दर्शाया गया है। जिस प्रकार एक माँ के बिना उसके सन्तान आश्रयहीन व अनाथ हो जाते हैं, उसी तरह वृक्ष के बिना पक्षी भी अनाथ व आश्रयहीन हो जाते हैं। मानव के लिए नीम का महत्व माता के समान है।
श्रावण मास में भोजपुरी क्षेत्र की ग्रामीण औरतें 'मइया' (शीतला माता) की पूजा करती हैं। उस वक्त गाये जाने वाले गीत की ये पंक्तियाँ द्रष्टव्य हैं -


निमिया के डाली मइया डालेली झुलुअवा कि झुलि-झुलि ना।
मइया गावेली गीतिया कि झुली झुली ना।

हिन्दू रीति-रिवाजों के अनुसार नये वर्ष में प्रतिपदा के दिन से दस दिन तक नीम की पत्तियाँ काली मिर्च के साथ पीस कर पीने या सिर्फ नीम के टूसे चबाने की प्रथा है। इसके पीछे मूल कारण नीम का औषधीय प्रभाव है, जो साल भर तक विभिन्न रोगों से मुक्त और रक्त को शुद्ध रखता है। मालवा (मध्य प्रदेश) में प्रतिपदा के दिन कढ़ी में नीम की पत्ती डाली जाती है। पुरनपोली के साथ खाने के लिए नीम की चटनी भी बनायी जाती है। देशी कहावत है- 'हर्रे गुण बत्तीस, नीम गुण छत्तीस'। किस महीने में क्या खाना चाहिए, इसे ग्रामीण लोगों ने अपने अनुभवों के आधार पर इस प्रकार बताया है-

सावन हर्रे भादों चीत (चिरैता), क्वार गुड़ तू खाओ मीत।
कार्तिक मूली अगहन तेल, पूस दूध से करो तू मेल।
माघ मास घी खीचड़ खाय, फाल्गुन उठ के प्रात नहाय।
चैत्र नीम बैसाख में तेल, ज्येष्ठ सयन आसाढ़ में बेल।।

भारतीय जीवन-दर्शन में सम्पूर्ण वनस्पति जगत अपनी एक विशेष पहचान रखते हैं। आदिकाल से ही इनके साथ मनुष्य के गहरे रिश्ते जुड़े रहे हैं। उन्हीं के आधार पर संस्कृति और सभ्यता के क्रमिक सोपान विकसित हुए। सदियों तक भारत की अधिकांश भूमि वनों से आच्छादित रही, उनके बीच रहकर मनुष्य प्रकृति के रोम-रोम तक संचरित हुआ; उनके गुण, महत्व और उपयोगिताओं को समझा और उन्हें अपना हितैषी समझकर उनका पूजन किया। भारतीय चिकित्सा पद्धति के विकास का मूल वस्तुत: वनवासी जीवन ही है। यहाँ कोई भी वृक्ष या नदी, पर्वत, पशु, पक्षी ऐसा नहीं, जिनके लिए एक देवता परिकल्पित न हो। सभी में कुछ न कुछ देने के भाव हैं, इसलिए वे सभी देवता हैं। यहाँ भू-देवता, ग्राम-देवता, वन-देवता, पवन-देवता, जल-देवता आदि के रूप में सम्पूर्ण प्रकृति की पूजी की गयी। भारतीय ऋषियों ने आर्य सन्तानों को यही शिक्षा दी की उन सबके प्रति कृतज्ञ बनो, उनकी अभ्यर्थना करो, जिन्होंने तुम्हारा थोड़ा भी उपकार किया है। इसी शिक्षा संस्कार की वजह से यहाँ प्रकति के सभी उपादानों में देवत्व का दर्शन किया गया। मनुष्य का सम्पूर्ण अस्तित्व ही प्रकृति की देन है, उसके निर्माण व विकास में प्रकृति के कण-कण का योगदान है। यदि मनुष्य प्रकृति से विलग होना चाहे, तो यह सम्भव नहीं; प्रकृति का विरोध करे तो यह उसका स्वयं के प्रति विद्रोह होगा। धरती से आकाश तक सम्पूर्ण सृष्टि एक पालने की तरह है, जिसमें मनुष्य सुखपूर्वक खेलता है। यहाँ धरती को माँ और आकाश को पिता कहा गया- 'तन्माता: पृथ्वी, तत्पिता द्यौ'। अब कोई अपने माता-पिता का ही विरोध करे तो वह आश्रयहीन एवं अनाथ तो होगा ही। आज वनों का विनाश और प्रकृति का निर्ममतापूर्ण दोहन कर मनुष्य आश्रयहीन और अनाथ सा होते जा रहा है। उसके शिक्षा और संस्कार भी विकृत एवं विद्रूप होते जा रहे हैं।